जिला अस्पताल का निरीक्षण करती राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव। -संवाद
अमेठी सिटी। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर जिला मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने जिला अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र व वृद्धाश्रम सहित कई स्थानों का निरीक्षण करने के बाद अफसरों संग बैठक की। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत देखते हुए महिलाओं से संबंधित प्रकरण संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अपर्णा यादव जिला मुख्यालय गौरीगंज के राजगढ़ में संचालित वृद्धा आश्रम पहुंचीं। यहां पर बुजुर्गों से हालचाल पूछकर सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद प्राथमिक स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र हरखपुर पहुंचकर बच्चों का शैक्षिक स्तर जांचा। बच्चे से मालगुडी डेज चैप्टर पढ़ाया व इसके बारे में अन्य रोचक जानकारी भी दी। बच्चों को गुड़-मूंगफली से बनी चिक्की बांटी। आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई संग छह माह के बच्चों को प्रथम बार अन्नप्राशन करवाया। आंगनबाड़ी परिसर में पोषण वाटिका बनवाने के निर्देश डीपीओ को दिए।
इसके बाद उपाध्यक्ष जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां भ्रमण करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत की जांच करते हुए मरीजों से बात कर उपचार की स्थिति का परीक्षण किया। इस दौरान मरीज व तीमारदारों को फल बांटे। इसके बाद पांच बच्चियों व उनकी माताओं को बेबी किट व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचीं उपाध्यक्ष ने छात्राओं से पढ़ाई संग अन्य मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद उनका काफिला गौरीगंज तहसील परिसर पहुंचा, जहां उन्होंने अधिकारियों की बैठक के बाद महिलाओं की जनसनुवाई भी की। इस मौके पर डीएम निशा अनंत, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।