फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: ओपीडी से चिकित्सक नदारद, मरीज परेशान

Fri, 14 Feb 2025 12:41 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाजारशुकुल (अमेठी)। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था का दावा फेल नजर आ रहा है। सीएचसी की ओपीडी में सुबह से आने वाले मरीजों को पर्चा बनवाने की बाट जोहनी पड़ती है। वहीं, अस्पताल में डॉक्टरों के पहुंचने का भी कोई समय नहीं है। व्यवस्था की हकीकत जाने को लेकर बृहस्पतिवार सुबह इसकी पड़ताल की गई तो तय समय पर कई चिकित्सक नहीं पहुंचे थे। पंजीकरण काउंटर बंद था और ओपीडी के ज्यादातर कक्ष खुले थे, लेकिन चिकित्सक नदारद थे। मरीज बाहर उनका इंतजार कर रहे थे।
विज्ञापन







पंजीकरण काउंटर बंद, बाहर बैठे मरीज
सुबह 10:20 बजे, पंजीकरण काउंटर बंद था। बाहर मरीज बैठे थे, लेकिन कर्मी नदारद थे। कई मरीज पंजीकरण काउंटर के बाहर बैठे इंतजार कर रहे थे। मरीज इसी बात से परेशान नजर आए कि कब काउंटर खुलेगा और पर्चा बनेगा, चिकित्सक को दिखाएंगे।


कुर्सी खाली, नहीं मिले चिकित्सक
सुबह 10:22 बजे, सीएचसी की ओपीडी में चिकित्सक डॉ. सुशील चंद्र शुक्ल नहीं मिले। बृहस्पतिवार की सुबह पड़ताल की गई तो इसमें तैनात चिकित्सक उस समय तक नहीं पहुंचे थे। बाहर कई मरीज उनका इंतजार कर रहे थे।
विज्ञापन





आयुष महिला चिकित्सक नदारद
सीएचसी पर आयुष विभाग की महिला चिकित्सक डॉ. अर्चना तैनात हैं। सुबह 10:28 बजे वह ओपीडी कक्ष में मौजूद नहीं थी। कई मरीज भी आसपास मौजूद थे। कुछ बेंच पर बैठे थे, चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे।






एक्सरे कक्ष खुला, टेक्नीशियन नदारद
सुबह 10:30 बजे, एक्सरे कक्ष खुला मिला। एक्सरे टेक्नीशियन नदारद मिले। मौके पर मरीज विजय कुमारी, रामपाल आदि एक्सरे कराने के लिए बाहर बैठे इंतजार करते दिखे। मरीजों के अनुसार एक कर्मी ने बताया कि सभी इंतजार करो, बिजली आने के बाद एक्सरे होगा।




मरीजों ने बताई परेशानी
अस्पताल में पंजीकरण काउंटर के बाहर पर्चा बनवाने के लिए बैठे राम भगत पांडेय, सुंदर लाल, बंदना, गौरीशंकर आदि ने बताया कि सुबह आए और पर्चा बनवाने के लिए बैठे हैं। 10:20 मिनट हो गए हैं। अभी तक काउंटर नहीं खुला। चिकित्सक का इंतजार कर रहे मरीज सलीम अहमद ने बताया कि वह सुबह अस्पताल आए, उन्हें टायफाइड है। मरीज केशवती ने बताया कि पेट दर्द और बुखार है, चिकित्सक का इंतजार कर रहे हैं। मरीज श्याम लाल ने बताया कि देर से चिकित्सकों का आना रोज की बात है।




मरीजों को नहीं होगी कोई परेशानी
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुधीर वर्मा ने बताया कि डॉ. सुशील शुक्ल ने नाइट की थी तो वह प्रतिकर अवकाश पर थे। आयुष महिला चिकित्सक डॉ. अर्चना अस्पताल आईं थी लेकिन उस समय वह आवास पर चली गई थी। पंजीकरण काउंटर पर तैनात कर्मी व एक्स-रे टेक्नीशियन अस्पताल में थे। हो सकता है उस समय कक्ष से बाहर रहे हों। बताया कि मरीजों को कोई परेशानी नहीं होने पाएगी, इसके लिए सभी को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें