संग्रामपुर। अमेठी-किठावर मार्ग पर सोइया गांव के पास रविवार रात हुए सड़क हादसे में डेहरा दर्जियान निवासी दर्जी मोबिन (38) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठा वकील घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सड़क पर फैली गिट्टियों की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है।
नसीम ने बताया कि उनका बेटा मोबिन गांव के वकील के साथ किसी काम से अमेठी गया था। देर शाम लौटते समय बाइक सड़क पर फैली गिटि्टयों में फिसल गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि डॉक्टर ने मोबिन को मृत घोषित कर दिया है। घायल वकील की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिर्फ मोबिन ने हेलमेट पहन रखा था।
तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
मोबिन विशेषरगंज बाजार में दर्जी का काम करता था। उसी कमाई से वह परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोबिन के तीन बेटे जीशान (11), फरीद (9) और रेहान (6) पिता के स्नेह से वंचित हो गए हैं। पत्नी नसरीन और पिता नसीम का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।