शाहगढ़ (अमेठी)। सीबीएसई की हाईस्कूल परीक्षा के नतीजे जिले के लिए गौरवशाली रहे। खासतौर पर दो नवस्थापित विद्यालय जिसमें केंद्रीय विद्यालय अमेठी और सैनिक स्कूल कौहार ने अपने पहले ही सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल किया। तीन छात्रों ने जिले की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालयों का नाम रोशन किया।
केंद्रीय विद्यालय ताला अमेठी वर्ष 2019 में कक्षा छह से शुरू हुआ, केंद्रीय विद्यालय अमेठी अब शिक्षा की गुणवत्ता के लिए मिसाल बन रहा है। इस वर्ष विद्यालय के 35 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल परीक्षा में सम्मिलित हुए और सभी ने सफलता हासिल की।विद्यालय की छात्रा महक सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य और शिक्षक गणों ने इसे विद्यालय के समर्पित शैक्षिक वातावरण और टीमवर्क का नतीजा बताया।
वर्ष 2020 में स्थापित सैनिक स्कूल कौहार के लिए यह परीक्षा विशेष रही, क्योंकि 2025 में विद्यालय का प्रथम हाईस्कूल बैच बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ। कुल 89 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए और सभी ने सफलता हासिल कर विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित किया। 30 छात्र 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाए है तो 45 छात्र 80 से 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण किए हैं।
नौ छात्र 70 से 80 प्रतिशत के मध्य तो चार छात्र 60 से 78 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय के छात्र बलराज कृष्ण गुप्ता ने जिले में आठवां तथा सुमित कुमार ने 10वां स्थान प्राप्त किया, जिससे विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन का प्रमाण मिला।