भादर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई से जोड़ने और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी में सचल विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई। क्षेत्रीय विज्ञान नगरी, लखनऊ की ओर से शनिवार और सोमवार को आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के सिद्धांतों को मॉडल और प्रयोगों के माध्यम से समझा।
प्रदर्शनी में दैनिक जीवन में मशीनों की उपयोगिता पर आधारित 20 स्वचालित और हस्तचालित मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अलग-अलग मॉडलों की कार्यप्रणाली देखी और उनके उपयोग के बारे में जानकारी हासिल की। विज्ञान आधारित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। विशेषज्ञों ने व्याख्यान के माध्यम से विज्ञान और तकनीक के विभिन्न पहलुओं को सरल तरीके से समझाया। इस मौके पर प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार, जितेंद्र यादव, मनीष ओझा, आशू निषाद, रमेश कुमार सहित शिक्षक और प्रदर्शनी सहायक मौजूद रहे।