अमेठी। अपराध नियंत्रण की कोशिश में जुटे एसपी गुरुवार देर रात अचानक फुरसतगंज थाने पहुंच गए। थाने पहुंचे एसपी ने अभिलेख, शस्त्र व मालखाने में रख-रखाव के साथ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। एसपी ने न्यूनतम रेस्पॉन्स टाइम में इवेंट पर पहुंचने व फरियादियों से मित्रवत व्यवहार करते हुए कानून व्यवस्था बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
रात्रि में पुलिस कर्मियों की पिकेट ड्यूटी व गश्त की हकीकत परखने के लिए एसपी दिनेश सिंह गुरुवार रात बाहर निकले। इस दौरान एसपी ने पिकेट ड्यूटी, शांति व सुरक्षा व्यवस्था के साथ पीआरवी के रूट चार्ट का भी निरीक्षण किया।
हाईवे पर पिकेट ड्यूटी के साथ रात्रि गश्त का निरीक्षण करते हुए अचानक फुरसतगंज थाने पहुंचे एसपी ने अभिलेखों का रख-रखाव, शस्त्रागार, मालखाना, हवालत, कार्यालय व थाना परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में साफ-सफाई बेहर नहीं होने के साथ अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं मिलने से नाराज एसपी ने जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।
एसपी ने बीट दरोगा व सिपाही को न्यूनतम रेस्पॉन्स टाइम में इवेंट पर पहुंच कर घटना नियंत्रित करने तो प्रभारी निरीक्षक को खामियां दूर कर फरियादियों से मित्रवत व्यवहार करने का निर्देश दिया। एसपी ने रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी व अपराध नियंत्रण पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।