अमेठी सिटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेम सपा विधायक को ऐसा रास आया कि वह सात समंदर पार अमेरिका पहुंच गए। अमेरिका में न केवल उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोग्रेस टू गेदर कार्यक्रम में शिरकत की, बल्कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात की। स्वदेश लौटने के बाद उनके समर्थक खुश हैं। गौरीगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विधायक की होर्डिंग लगा समर्थकों ने दिल खोलकर स्वागत किया है। विधायक ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बड़ा नेता बताते हुए उनकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। पिछले विधान परिषद चुनाव में सपा की गाइड लाइन के विपरीत जा चुके विधायक के इस कदम को भाजपा से बढ़ती नजदीकियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह 11 सितंबर को अमेरिका गए थे। विधायक ने अमेरिका में लॉस एंजिल्स में आयोजित अप्रवासी सम्मेलन में भाग लिया। साथ ही अमेरिकियों की कार्यशैली और सरकार के कामकाज के तरीके को देखा। उन्होंने अप्रवासी भारतीय (एनआरआई) कॉन्फ्रेंस एवं 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रोग्रेस टूगेदर कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। अमेरिका के सीनेट (संसद भवन) का भ्रमण करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सेे भी मुलाकात की।
24 सितंबर को वह स्वदेश लौट आए। अमेरिका से लौटने के बाद सपा विधायक को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। गौरीगंज में जगह-जगह विधायक को बधाई देने के लिए होर्डिंग लगाई गई हैं। पोस्टर में लिखा गया है कि अनंत शुभकामनाएं राकेश प्रताप सिंह। न्यूयार्क अमेरिका में आयोजित मोदी और अमेरिका साथ-साथ प्रोग्रेस टू गेदर कार्यक्रम में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सम्मिलित होने की हार्दिक बधाई।
राकेश प्रताप सिंह अमेठी के गौरीगंज से तीसरी बार सपा से विधायक हैं। एमएलसी चुनाव के दौरान उनकी नजदीकियां भाजपा से बढ़ी थीं, जिसके बाद प्रदेश सरकार ने उन्हें वाई श्रेणी सुरक्षा प्रदान की थी। उस उठापटक के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी विधायक पर परोक्ष रूप से हमला किया था। उधर, सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें बड़ा नेता बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद सांविधानिक होता है। वह प्रधानमंत्री के साथ गए थे।