अमेठी सिटी। मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिले के बूथों पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने के लिए लोग पहुंचे। युवाओं और महिलाओं में उत्साह दिखा। बीएलओ ने आवेदन लेकर दस्तावेज की जांच की और जरूरी जानकारी दी। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनने का अवसर दिया गया।
नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाए गए। कुछ आवेदकों को जरूरी दस्तावेज पूरे करने की सलाह दी गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र युवाओं और महिलाओं से नाम शामिल कराने और दर्ज विवरण की जांच करने की अपील की।
नौ लोगों ने किया आवेदन
बाजारशुकुल के प्राथमिक विद्यालय इक्काताजपुर स्थित बूथ संख्या 71 पर सुबह 11:30 बजे बीएलओ मालती मिश्रा, पंचायत सहायक कुमकुम पांडेय और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेनू देवी मौजूद थीं। यहां कुल 1079 मतदाता हैं। अभियान में नौ नए आवेदन आए। पूरे पांडेय गांव की कृष्णा अपने बेटे संदीप का नाम जुड़वाने पहुंचीं। आधार कार्ड के अलावा अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं होने पर उन्हें ग्राम प्रधान से निवास प्रमाणपत्र बनवाने की सलाह दी गई।
मतदाता बनने के लिए युवाओं ने दिखाई रुचि
बाजारशुकुल के प्राथमिक विद्यालय बूबूपुर स्थित बूथ संख्या 13, 14 और 15 पर दोपहर 12:20 बजे पर्यवेक्षक लेखपाल अजीत सिंह और बीएलओ कमलेश पाल, सुमन पाल व फूलमती मौजूद थीं। यहां पहले से 64 आवेदन ऑनलाइन थे। शनिवार को 20 नए आवेदन आए। राहुल ने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी हो जाएगी। इसलिए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने आया हूं। अमित ने बताया कि पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मौका मिला है। बीएलओ से प्रक्रिया समझकर जरूरी दस्तावेज जमा किए हैं।
नाम और विवरण दुरुस्त कराने पहुंचे मतदाता
अमेठी के मिश्रौली बड़गांव के बूथ संख्या 158 पर नए नाम जोड़ने के साथ मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन का काम भी चला। राजेंद्र यादव ने बताया कि सूची में अपना नाम और विवरण जांचने आए थे। कुछ जानकारियों में सुधार की जरूरत थी। बीएलओ ने संशोधन की प्रक्रिया पूरी कराई। आराधना विश्वकर्मा ने बताया कि सूची में दर्ज विवरण सही होना जरूरी है। इसी वजह से बूथ पर आकर जानकारी की जांच कराई और संशोधन के लिए आवेदन किया।
नाम जोड़ने और हटाने के लिए आए आवेदन
शाहगढ़ के उच्च प्राथमिक स्कूल शाहगढ़ के बूथ संख्या 267 पर बीएलओ अनीता के पास फॉर्म-6 के पांच और फॉर्म-8 के दो आवेदन आए। बूथ 268 पर बीएलओ राजेश यादव के पास फॉर्म-6 के पांच, फॉर्म-7 का एक और फॉर्म-8 के दो आवेदन जमा हुए। बूथ 269 पर बीएलओ इस्लावती के पास फॉर्म-6 के 11, फॉर्म-7 के दो और फॉर्म-8 का एक आवेदन आया। रामकुमार ने बताया कि मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। सुनीता देवी ने बताया कि सूची में दर्ज विवरण में त्रुटि मिलने पर संशोधन के लिए आवेदन किया है।