गौरीगंज (अमेठी)। अल्पसंख्यक बहुल गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर जल्द ही सोलर लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए भूमि चिह्नित होने के बाद 1,863 लाइट स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा दिया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने तथा धन आवंटित होने के बाद अल्प संख्यक विभाग कार्यदायी संस्था नामित कर सोलर लाइट लगवाएगा।
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम में चयनित जिले के सिंहपुर, बहादुरपुर, बाजारशुकुल व जगदीशपुर ब्लॉक के अल्पसंख्यक बहुल गांव जल्द ही दुधिया प्रकाश से जगमग होंगे। इसके लिए 25 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक आबादी वाले 95 गांवों का चयन योजना में किया गया है।
गांवों का चयन व राजस्व विभाग से सोलर लाइट स्थापना के लिए भूमि चिह्नित होने के बाद स्थानीय दर पर प्रति यूनिट 24 हजार रुपये की दर से 1,863 सोलर लाइट की स्थापना के लिए चार लाख 47 हजार 1200 रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विभागीय प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अल्पसंख्यक विभाग यूपीनेडा को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए चिह्नित स्थानों पर सोलर लाइट स्थापित कराएगा।
प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने तथा धन का आवंटन होने के बाद गांव केे सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट की स्थापना कराते हुए ग्रामीणों को रात में अंधकार की परेशानी से निजात दिलाई जाएगी।