गौरीगंज (अमेठी)। जनशिकायतों के निस्तारण में जिले को मंडल में पहला तो प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है। शिकायत निस्तारण में मिली इस उपलब्धि के बाद प्रशासन अप्रैल माह में प्रदेश में टॉप पर पहुंचने की कवायद में जुट गया है।
पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण व फरियादियों के फीड बैक के आधार पर प्रदेश व मंडल स्तर पर रैंकिंग तय होती है। मार्च माह में प्रदेश व मंडल स्तर पर रैंकिंग के बाद जिले को मंडल में पहला तो प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है। एडीएम एके सिंह ने बताया कि मार्च माह में आईजीआरएस पोर्टल पर 2,685 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्राप्त शिकायतों को ई-डिस्टिक मैनेजर अमित कुमार विश्वकर्मा की निगरानी में संबंधित विभाग को अग्रसारित करते हुए निस्तारण की निगरानी की गई।
परिणाम यह रहा कि शासन स्तर से फरियादियों से फीडबैक लेने व निस्तारण की गुणवत्ता व समय में होने पर जिले को यह उपलब्धि हासिल हुई। कहा कि अप्रैल माह में जिले को मंडल के साथ प्रदेश में पहला स्थान दिलाने का प्रयास चल रहा है। सभी अफसरों को समय से शिकायत निस्तारित कर डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं आने का निर्देश दिया गया है।