अमेठी सिटी। भाजपा प्रत्याशी स्मृति जूबिन इरानी ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी के साथ ही प्रियंका गांधी पर भी हमला बोला। जगदीशपुर व जामो में उन्होंने कहा कि जो मैं कह रही हूं वह राहुल और प्रियंका का बयान है। कहा कि हिंदुस्तान में किसकी कितनी कमाई है, यह गिना जाएगा। घर में कितना गहना है, खेत है, ये सब कांग्रेस के दो नेता राहुल और प्रियंका बैठकर गिनवाएंगे। फिर हर हिंदुस्तानी की संपत्ति ले जाएंगे और उनकी इच्छा के अनुसार कमाई बांटेंगे, बाकी का तो पता नहीं।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पांच सालों में एक सत्य यह भी था कि दो साल कोरोना के रहे। मेरे पास काम करने के लिए सिर्फ तीन साल थे। उन तीन सालों में मैंने इतना काम किया जितना कांग्रेस ने 30 सालों में नहीं किया। अमेठी बाईपास की मांग 30 साल से थी, वह इन तीन साल में बना, जब आपने मुझे सांसद बनाया। अमेठी में आप भी गवाह हैं कि 30 साल पहले मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए गांधी परिवार ने जमीन ले ली थी।