जगदीशपुर। लखनऊ से वाराणसी जा रही शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बी-3 थर्ड एसी कोच के पहिये में ब्रेक चिपकने से शुक्रवार शाम धुआं और चिंगारी निकलने लगी। तेज दुर्गंध फैलने से यात्रियों को ट्रेन में आग लगने की आशंका हुई। कोच अटेंडेंट ने अग्निशमन यंत्र से चिंगारी बुझाई। इस कारण ट्रेन चौबीसी रेलवे स्टेशन पर करीब 35 मिनट खड़ी रही।
ट्रेन चौबीसी स्टेशन पहुंची तो बी-3 कोच के पहिये के पास से धुआं निकलने लगा। तेज गंध महसूस होने पर कोच अटेंडेंट रजनीश चौहान, दीपक और अन्य कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से चिंगारी पर काबू पाया। इस दौरान कुछ यात्री कोच से नीचे उतर गए।
लखनऊ से यात्रा कर रहे जौनपुर निवासी सौरभ सिंह, सुल्तानपुर निवासी उदय प्रकाश, अलीगंज निवासी विकास शर्मा और श्रीकृष्णानगर निवासी अतुल ने बताया कि धुआं उठने के साथ तेज दुर्गंध फैलने लगी थी। बी-वन कोच में पत्नी मंतसा जाहिर के साथ सफर कर रहे जौनपुर निवासी तविस अहमद ने बताया कि दुर्गंध इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए ट्रेन में आग लगने का अंदेशा हुआ।
चौबीसी स्टेशन मास्टर सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि ट्रेन का वहां निर्धारित ठहराव नहीं है। शाम 6:59 बजे ट्रेन रुकी और रात 7:34 बजे रवाना हुई। ब्रेक बाइंडिंग के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा। उधर ट्रेन निर्धारित समय शाम 7:10 बजे निहालगढ़ पहुंचने के बजाय रात 7:51 बजे पहुंची। इससे स्टेशन पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।