रामगंज थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला। -संवाद
अमेठी। जिले के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि अन्य मामलों के लिए संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू कराई गई।
सुबह 11:30 बजे रामगंज थाना परिसर में एसडीएम अमेठी आशीष सिंह व सीओ मनोज कुमार मिश्र की मौजूदगी में सुनवाई हुई। सोनारी गांव निवासी राखी सिंह ने शिकायत की कि उनकी जमीन पर विपक्षी जबरन निर्माण करा रहे हैं। आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच के निर्देश दिए।
दोपहर 12:20 बजे मुंशीगंज थाने में इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी फरियादियों की शिकायतें सुनते नजर आए। बढ़ईया बनभरिया निवासी श्रीराम सरोज ने पुश्तैनी जमीन को लेकर आए दिन झगड़े की शिकायत की। उन्होंने सीमांकन कराकर विवाद समाप्त कराने की मांग की। वहीं लोहंगपुर निवासी रामकरन ने विपक्षी पर निर्माण कार्य में बाधा डालने और अवैध निर्माण का आरोप लगाया। दोनों मामलों में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
संग्रामपुर में एसओ संजय सिंह की मौजूदगी में समाधान दिवस आयोजित हुआ। दोपहर एक बजे डिहवा दूबेपुर सरैया कनू निवासी दुखना ने अपनी जमीन पर शौचालय निर्माण में जबरन बाधा डालने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी निर्माण नहीं करने दे रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। अधिकारियों ने सभी मामलों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया है। हालांकि कार्रवाई के भरोसे के बाद भी कई फरियादी संतुष्ट नजर नहीं आए, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठते दिखे।