अमेठी सिटी। भूमि विवाद समेत अन्य शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर शनिवार को जिले के सभी थानों पर समाधान दिवस आयोजित हुआ। मुंशीगंज थाना परिसर में डीएम निशा अनंत व एसपी अनूप सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जिसमें कुल सात शिकायतों के सापेक्ष सुनवाई के दौरान अफसरों ने दो मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के निस्तारण को लेकर संयुक्त टीम भेजने का निर्देश दिया।
गौरीगंज थाना परिसर में 12:03 बजे प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायन पांडेय मामलों की सुनवाई कर रहे थे। गौरीगंज के गांव बलभद्रपुर गांव निवासी चंचल सिंह पहुंचे। उन्होंने कहा कि साहब...भूमि का विवाद संबंधी वाद दीवानी न्यायालय में चल रहा है, जिस पर स्टे भी है। इसके बावजूद विपक्षी ने जबरन भूमि पर कब्जा कर लिया है। दो नवंबर को शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
संग्रामपुर थाने में कनू टीकरा मजरे भौसिंहपुर निवासी अंगद सिंह दिवसाधिकारी के सामने पेश हुए। बताया कि रास्ते पर विपक्षी ने बांस बांधकर अवरुद्ध कर दिया है। कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, गड़ेरी निवासी कैलाश मौर्य ने बताया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग की मौजूदगी में रास्ता दिलाया गया है। इसके बावजूद विपक्षी परेशान कर रहे हैं। पीड़ित ने कार्रवाई किए जाने की मांग की है। जिले के अन्य थानों पर भी लोगों की शिकायतें सुनकर कार्रवाई की गई।