अमेठी सिटी। जन शिकायतों के निस्तारण के लिए शनिवार को सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम निशा अनंत व एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने जायस, एडीएम अर्पित गुप्ता व एएसपी हरेंद्र कुमार ने गौरीगंज थाने में शिकायतों की सुनवाई की। डीएम व एसपी ने अधिकतर मामलों में शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम भेजी। अन्य थानों में नामित नोडल अफसरों ने लोगों की शिकायतें सुनीं।
गौरीगंज थाना परिसर 11:40 बजे एडीएम व एएसपी के सामने पेश हुए पूरे इब्बादुल्ला गांव निवासी राममिलन ने कहा कि साहब... भूमि की पैमाइश हो गई। एक बार टीम ने कब्जा भी दिला दिया, लेकिन विरोधियों ने दोबारा कब्जा कर लिया। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सुनवाई के बाद लेखपाल से मामले की जानकारी लेने के बाद टीम मौके पर भेज कर कब्जा दिलाते हुए कार्रवाई करने को कहा।
इसके बाद ओरीपुर गांव निवासी विपता ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि साहब... उन्हें आवास निर्माण के लिए भूमि पट्टे पर मिली है। भूमि पर पुराना मकान बना है। अब आवास मिला तो बनवा रही हूं तो कुछ लोग जबरन अवरोध करते हुए भूमि पर कब्जा करने में जुटे हैं। कहा कि 14 अक्तूबर को कब्जा हटवाया भी गया, लेकिन दोबारा कब्जा कर लिया है। इस मामले में टीम मौके पर रवाना की गई। चंदईपुर गांव निवासी सुषमा देवी ने कहा कि कुछ लोग सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर आवागमन नहीं करने दे रहे है। छह जनवरी को शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एडीएम ने मामले की भी जांच करवा निस्तारण करवाने का निर्देश दिया।
बाजारशुकुल में थाना समाधान दिवस में एसडीएम मुसाफिरखाना पंकज कुमार के सामने पेश होकर इक्काताजपुर गांव निवासी सुरजीत यादव ने सरकारी भूमि पर लगे पेड़ काटने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया। कहा कि शिकायत के बाद भी लेखपाल व वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। एसडीएम ने मामले की जांच करवा कार्रवाई करने का भरोसा फरियादी को दिया।
पर्चा दिखाता विनोद।
पर्चा दिखाता विनोद।
पर्चा दिखाता विनोद।