अमेठी सिटी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने रिक्त और सरप्लस विद्यालयों की प्रारंभिक सूची जारी कर दी है।
सूची के अनुसार जिले के 122 प्राथमिक और 50 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है। प्राथमिक विद्यालयों में जामों में 25, तिलोई में 18, जगदीशपुर में 15 और शाहगढ़ में 14 विद्यालय शिक्षक कमी से जूझ रहे हैं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बाजारशुकुल में 14, जामों में नौ, तिलोई में आठ और जगदीशपुर में पांच विद्यालयों में शिक्षक कम हैं। दूसरी ओर 60 प्राथमिक और 25 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सरप्लस शिक्षक चिह्नित किए गए हैं।
प्राथमिक विद्यालयों में अमेठी ब्लॉक में 16, संग्रामपुर में 10 और भेटुआ में सात सरप्लस शिक्षक हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अमेठी में पांच तथा भादर, संग्रामपुर और गौरीगंज में चार-चार सरप्लस शिक्षक चिह्नित किए गए हैं। विभाग ने सूची पर संबंधित पक्षों से आपत्तियां मांगी हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची न्यायालय को भेजी जाएगी।
इसके बाद अधिशेष शिक्षकों का समायोजन शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में किया जाएगा। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण कर नियमानुसार अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद समायोजन प्रक्रिया पूरी कर रिक्त विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।