राजकीय इंटर कॉलेज महराजपुर में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान मौजूद विद्यार्थी। स्रोत: विद्यालय प्
अमेठी सिटी। राजकीय इंटर कॉलेज महराजपुर में मंगलवार को भाषण, निबंध और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सतवीर यादव ने प्रथम, गरिमा यादव ने द्वितीय और अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में रोशनी विश्वकर्मा प्रथम, सृष्टि यादव द्वितीय तथा शालिनी यादव तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में शिवकुमार यादव ने पहला, शिवनायक यादव ने दूसरा और ललिता यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने समसामयिक, सामाजिक और शैक्षिक विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रधानाचार्य आनंद सिंह ने विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता, तार्किक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ सहशैक्षिक गतिविधियों में भी नियमित भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षक अनुपम, विकास पाल, देवेश सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।