रामगंज के रतापुर गांव में आग लगने से जली गेहूं की फसल। स्रोत: ग्रामीण
अमेठी सिटी। रामगंज रतापुर गांव में मंगलवार को संदिग्ध हालात में पककर तैयार गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। तेज लपटों ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कई किसानों की लगभग सात बीघा फसल जलकर राख हो गई। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार आग की चपेट में छोटेलाल पांडेय, रमाकांत, रामबरन, यशोदा देवी, भगवती प्रसाद, मुकलेश कुमार, राम नाइक पांडेय, शिवकुमार, रवींद्र पांडेय, मनोज पांडेय, श्याम नारायण पांडेय, हृदय नारायण, देवनारायण सिंह, धर्मेंद्र पांडेय और रामजग पांडेय की फसल आ गई। सभी की तैयार गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। आग बुझने तक किसानों की मेहनत से तैयार उपज राख में बदल चुकी थी।
इस घटना से प्रभावित परिवारों पर खाद्यान्न और पशुओं के चारे का संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है। रामगंज थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह और हल्का लेखपाल अरविंद सिंह ने मौके पर नुकसान का जायजा लिया। लेखपाल ने बताया कि करीब सात बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हुई है। नुकसान का आकलन तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।