.जगदीशपुर ब्लॉक कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते पंचायत सचिव।-संवाद
अमेठी सिटी। ग्राम पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के शासनादेश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध की शुरुआत की। सभी ब्लॉक परिसर में सभी सचिव व कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर नाराजगी जताई। कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
जगदीशपुर में ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मनोज मिश्र, प्रदेश अध्यक्ष सुभास पांडेय, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ अमेठी के पूर्व जिलाध्यक्ष रजनीश भाष्कर, सचिव संजय आनंद, निशा, प्रिया सिंह, एडीओ (आईएसबी) आलोक दुबे आदि ने विरोध जताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध चार दिसंबर तक जारी रहेगा। गौरीगंज ब्लॉक में पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति आदेश के विरोध में सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
बाजारशुकुल में जिला संगठन मंत्री रवि यादव की अगुवाई में सचिवों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर कामिनी गिरि, राकेश भादर ब्लॉक में सचिव अनिल यादव ने कहा कि मांगें न पूरी हुईं तो पांच दिसंबर को धरना देकर सरकारी ग्रुपों से सभी लेफ्ट हो जाएंगे।
सिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय में भी पंचायत सचिवों ने विरोध जताते हुए सरकार को आगाह किया। संग्रामपुर ब्लॉक में विरोध करते हुए पंचायत सचिवों ने कहा कि बिना पर्याप्त संसाधन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराए ऑनलाइन हाजिरी लागू करना अव्यावहारिक है। इस दौरान एडीओ पंचायत लाल शशिकांत सिंह,अजीत सिंह, मिथिलेश यादव आदि मौजूद रहे। शाहगढ़ में पंचायत भवन पर पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांध कर विरोध जताया।