फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव के एक किमी के दायरे में शुरू हुआ अभियान

विज्ञापन
विज्ञापन
गौरीगंज (अमेठी)। आठ दिन पूर्व ओमान से घर आए सिंहपुर ब्लॉक निवासी युवक की मंगलवार को अचानक खराब हुई तबीयत से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को युवक के गांव के एक किलोमीटर के दायरे में एक्टिव सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
विज्ञापन

कोरोना को लेकर सक्रिय जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में मंगलवार शाम तब हड़कंप मच गया जब 11 मार्च को ओमान से अपने घर आए सिहंपुर ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की तबीयत अचानक खराब हो गई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे जिला अस्पताल ले आई और आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू करने के साथ ही उसका सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेज दिया।
रिपोर्ट आने से पूर्व सावधानी बरतते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को युवक के गांव के एक किमी की परिधि में एक्टिव सर्च अभियान शुरू कर दिया है। इसमें ब्लॉक की कई एएनएम, आशा, स्टाफ नर्स व आशा संगिनी की टीम बनाकर एक प्रारूप पर जानकारी एकत्र कराई जा रही है। टीम उस परिधि में आने वाले गांव के प्रत्येक घर में जाकर उनसे ओमान से आए व्यक्ति व उसके परिवार के लोगों से संपर्क हुआ या नहीं।
विज्ञापन

यदि हुआ तो कब जैसी जानकारी जुटा रहे। इस दौरान उनके परिवार का कोई सदस्य बुखार, खांसी आदि से पीड़ित है या नहीं के बारे में भी पूछा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की स्थिति में गांव के तीन किलोमीटर की परिधि को पूरी तरह सील करने की तैयारी में है।
प्रशासन ने जिले में लागू की धारा 144
गौरीगंज (अमेठी)। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से जनसामान्य के जीवन की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने जनहित में पांच अप्रैल तक जिले में धारा 144 लागू कर दी है। इस दौरान निर्देशों की अवहेलना करने तथा अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव ने बुधवार को जिले में धारा 144 लागू करने का आदेश पारित कर दिया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा कोरोना को लेकर किसी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाने, कोई वक्तव्य नहीं जारी करने, पर्चा, हैंडबिल, पंपलेट आदि नहीं वितरित करने तथा इलेक्ट्रानिक संसाधनों द्वारा ऐसा संदेश नहीं प्रसारित करने की अपील की गई है जिससे लोगों में भय उत्पन्न हो।
चिकित्सा शिक्षा को छोड़कर सभी प्रकार के शैक्षिक संस्थान, जिम, म्यूजियम, पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक केंद्र, स्वीमिंग पूल एवं थियेटर दो अप्रैल तक बंद करने को कहा गया है। सभी शिक्षण संस्थानों को दो अप्रैल तक समस्त प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं नहीं कराने का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
संपूर्ण समाधान व थाना दिवस के साथ ही जनता दर्शन बंद रखने, बायोमेट्रिक मशीन से उपस्थिति पूरी तरह बंद कराते हुए पंजिका का उपयोग करने को कहा गया है। अनावश्यक रूप से सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही धरना प्रदर्शन पर रोक लगा दिया गया है।
धार्मिक स्थलों पर भीड़ भाड़ नियंत्रित करने, सब्जी व अनाज मंडी, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, डाकघरों में संचालित अवधि को नियंत्रित करने को भी कहा गया है। किसी भी स्थान पर पांच व उससे अधिक व्यक्ति के एकत्रित नहीं होने का आदेश जारी किया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का कड़ाई से पालन कराए जाने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
प्रमुख सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश पर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार को एक एडवाइजरी की है। डीएम ने जनपद वासियों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि जरूरी नहीं हो तो घरों से न निकलें। किसी भी व्यक्ति से न्यूनतम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। अनवाश्यक रूप से किसी प्रकार का ऐसा आयोजन नहीं करें जिसमें ज्यादा लोगों के एकत्र होने की संभावना हो।
अपरिहार्य कारणों से यदि कोई आयोजन करें भी तो उसमें कम से कम संख्या रखें और आने वालों का हाथ पहले साबुन या सेनिटाइजर से धुलाएं। डीएम ने जिले के ऐसे समस्त निजी संस्थान जैसे फैक्ट्री, मील, मॉल आदि को दो अप्रैल तक बंद रखने का भी निर्देश दिया है।
धार्मिक स्थलों पर भी जानें से परहेज करें। स्वयं व आसपास के लोगों को सावधानी बरतते हुए स्वच्छता रखने के लिए प्रेरित करें। बुखार, खांसी आदि आने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेकर दवा लें। किसी भी बाहरी गांव, विदेश या अन्य शहर से आने वालों से दूरी बनाते हुए तत्काल सूचना नजदीकी स्वास्थ्य कर्मी को दें।
सेनेटाइजर से धुलाया जा रहा हाथ
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जनसुनवाई के दौरान आने वाले फरियादियों का पहले सेनेटाइजर से हाथ धुलाकर मुंह पर मास्क या रुमाल लगाकर ही भीतर जाने दिया गया। डीएम अरुण कुमार ने फरियादियों से एक मीटर की दूरी बनाने के लिए अपनी स्थाई मेज के सामने अलग मेज रखवा दिया है।
एआरटीओ कार्यालय समेत कई अन्य कार्यालयों में भी हाथ सेनेटाइज कराने की व्यवस्था की गई थी। एडीएम वंदिता श्रीवास्तव समेत कई अफसर जन सुनवाई के दौरान मुंह पर मास्क लगाए बैठे थे। घर से बाहर निकलने वाले ज्यादा लोग जिनके पास मास्क नहीं था वे मुंह को रुमाल से ढके देखे गए। पैदल व बाइक से जाने वाले भी मास्क लगाकर देखे गए।
सक्रिय रहे जिलाधिकारी
मंगलवार को तबीयत खराब होने के बावजूद जिलाधिकारी अरुण कुमार कोरोना की रोकथाम को लेकर सक्रिय दिखे। मंगलवार शाम पांच बजे से डीएम ने अलग-अलग पांच बैठकें कीं। इस दौरान डीएम ने रोडवेज व रेल विभाग के अफसरों के साथ बैठक की।
रोडवेज के एआरएम को बसों की प्रतिदिन साफ-सफाई कराते हुए बस पर चढ़ने वाले यात्रियों का हाथ सेनेटाइजर से धुलाने के बाद ही बस पर सवार होने देने का निर्देश दिया। रेलवे अफसरों को भी प्लेटफार्म पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। अन्य कई विभाग के अफसरों को भी क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया है।
अस्पताल में हुआ दवा का छिड़काव
बाजार शुकुल। कोरोना को लेकर अस्पताल में जहां बुखार, सर्दी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है वहीं स्वास्थ्य कर्मी पूरी तरह से ऐहतियात बरत रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शैलेश गुप्ता ने बताया कि इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
कहा कि प्रतिदिन तीन से 400 तक मरीज आ रहे हैं। ऐहतियात के तौर पर प्रत्येक दिन ओपीडी एरिया को कीटाणु रहित रखने के लिए दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों को सावधानी बरतने की भी जानकारी दी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें