अमेठी सिटी। अमेठी कस्बे में बिना लाइसेंस संचालित आशीर्वाद नर्सिंग होम की जांच अमेठी एसडीएम आशीष सिंह करेंगे। जिलाधिकारी संजय चौहान ने उन्हें नामित करते हुए जांच टीम गठित कर दी है, जिसमें एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, गाइनकोलॉजिस्ट डॉ. प्रेमा एस गोदी और उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके उपाध्याय को भी शामिल किया गया है।
सीएमओ डाॅ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आशीर्वाद नर्सिंग होम के पास अस्पताल संचालन के लिए लाइसेंस नहीं है। डेढ़ साल पहले अस्पताल संचालक पर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। उस वक्त पंजीकरण की समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अस्पताल का संचालन किया जा रहा था।
तभी से इस अस्पताल का पंजीयन नहीं किया गया है। इसको लेकर कई बार अस्पताल संचालक को चेतावनी भी दी गई, लेकिन चोरी छिपे वहां चिकित्सीय सेवाएं जारी रखी गईं।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने एसडीएम अमेठी को टीम में बतौर मजिस्ट्रेट नामित किया है। अस्पताल संचालक पर जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।