गौरीगंज (अमेठी)। जिला अस्पताल के साथ ही सीडीओ के कई कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जामो ब्लॉक में कार्यरत छह कर्मियों के अनुपस्थित मिलने पर वेतन उनका वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया है। सीडीओ ने डायलिसिस की बंद पड़ी दो यूनिट का संचालन शुरू करने के साथ साफ-सफाई व मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश जिम्मेदारों को दिया।
कर्मियों की मनमानी रोकने के लिए सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार दोपहर बाद ब्लॉक जामो, सीएचसी जामो, सूखीबाजगढ़ गांव में खेल मैदान, जिला अस्पताल में डायलिसिस यूनिट के साथ कोल्डचेन स्टोरेज का स्थलीय निरीक्षण किया। सूखी बाजगढ़ में 46.52 लाख से निर्माणाधीन खेल मैदान का कार्य 15 जनवरी तक पूरा करने को कहा। यहां से निकल ब्लॉक कार्यालय पहुंची सीडीओ को सोशल ऑडिट को-ऑडिनेटर चंद्रप्रकाश व तकनीकी सहायक आलोक कुमार, अनिल कुमार, दिनेश कुमार, पंकज मौर्य और अशोक कुमार अनुपस्थित मिले।
नाराज सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मियों के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी। सीएचसी जामो में दवा भंडारण व उपचार की व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद सीडीओ जिला अस्पताल में संचालित डायलिसिस यूनिट पहुंचीं। यहां पर मरीजों से जानकारी हासिल करने के बाद उपचार प्रबंध से संतुष्ट होने के बाद सीडीओ ने स्वीकृत छह यूनिट में मात्र चार यूनिट संचालित होने पर सीएमओ को बंद पड़ी अन्य दो यूनिटों को भी संचालित करने का निर्देश दिया।
इसी दौरान सीडीओ ने गौरीगंज सीएचसी स्थित कोल्डचेन स्टोरेज यूनिट का निरीक्षण करते हुए तापमान सही रखने के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जेनरेटर चलाने को कहा। निरीक्षण के बाद सीडीओ ने जिम्मेदार अफसरों को अस्पताल की साफ-सफाई बेहतर रखते हुए मरीजों का समुचित इलाज करने तथा विकास विभाग के अफसरों को पारदर्शी ढंग से योजना का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे समेत सभी जिम्मेदार अफसर मौजूद रहे।