गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना की पुष्टि के लिए होने वाली आरटीपीसीआर जांच जल्द ही जिले में शुरू होगी। शासन से स्वीकृति के बाद नामित संस्था की ओर से मशीन की आपूर्ति कर दी गई है।
मशीन को क्रियाशील कर जांच शुरू कराने की कवायद तेज हो गई। अब तक सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता था। जहां से जांच रिपोर्ट 24 से 48 घंटे में मिलती थी। जिले में जांच होने से रिपोर्ट दस घंटे में मिल सकेगी।
तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लक्षण वाले व्यक्ति का सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता था। वहां से रिपोर्ट 24 से 48 घंटे में मिलती थी। पिछले दिनों शासन की ओर से जिले में आरटीपीसीआर जांच की स्वीकृति दी गई थी।
शासन की स्वीकृति के बाद विभाग की ओर से मशीन खरीद की प्रक्रिया पूरी करते हुए ऑर्डर दिया गया था। नामित संस्था की ओर से मशीन की आपूर्ति कर दी गई है। अब निदेशालय की ओर से मशीन को जिला अस्पताल परिसर में चिन्हित स्थल पर इंस्टालमेन्ट कर संचालन के लिए लखनऊ से स्टाफ की तैनाती करनी है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने मशीन की आपूर्ति होने की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही जिला अस्पताल भवन के चिह्नित स्थल पर मशीन को लगाकर क्रियाशील कराया जाएगा। कहा कि अब तक प्रतिदिन 800 से 1200 सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा जाता था। इसकी रिपोर्ट 24 से 48 घंटे में मिलती थी। कहा कि जिले में जांच शुरू होने से अब रिपोर्ट 10 दस घंटे में मिल जाएगी।