अमेठी के कटरा राजा हिम्मत में उखड़ी इंटरलॉकिंग। -संवाद
अमेठी। नगर पंचायत क्षेत्र के कई वार्डों में सड़कें और इंटरलॉकिंग मार्ग बदहाल हो चुके हैं। जगह-जगह उखड़ गई हैं, जबकि कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग धंस गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात शुरू होने के बाद समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
गंगागंज, कटरा राजा हिम्मत, रायपुर फुलवारी, चाणक्यपुरी, बीआरओ वार्ड और एसडीएम कॉलोनी समेत कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग ईंटें बाहर निकल आई हैं। कई जगह इंटरलॉकिंग के बीच लगी पटिया भी टूट चुकी है। स्थानीय निवासी विकास तिवारी ने बताया कि कई मोहल्लों की सड़कें वर्षों से मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही हैं। दोपहिया वाहन चालक अक्सर गड्ढों में फंसकर गिर जाते हैं।
गंगागंज के शकील अहमद ने कहा कि बारिश में सड़क और गड्ढे में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। चाणक्यपुरी निवासी मनोरमा ने बताया कि उखड़ी इंटरलॉकिंग के कारण पैदल चलना कठिन हो गया है। स्थानीय निवासी अशोक ने कहा कि बाजार क्षेत्र की खराब सड़कों से ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत ने कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग और सड़क का निर्माण कराया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वे तेजी से खराब हो रही हैं। समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बरसात में स्थिति और खराब हो सकती है।
नगर पंचायत के ईओ शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों और इंटरलॉकिंग वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कराया जा रहा है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
सर्वे कराकर हो नियमित मरम्मत
सेवानिवृत्त शिक्षक शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत को क्षतिग्रस्त सड़कों और उखड़ी इंटरलॉकिंग का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर नियमित मरम्मत करानी चाहिए। जलभराव वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।