अमेठी। क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन मंडल अयोध्या ने रोडवेज डिपो व वर्कशॉप का शुक्रवार देर शाम औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए सुधार करने का निर्देश देते हुए संबंधित को कड़ी फटकार लगाई।
कोविड-19 की रोकथाम तथा डिपो में यात्री सुविधाओं के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से विशेष कवायद की जा रही है। शुक्रवार देर शाम क्षेत्रीय प्रबंधक अयोध्या श्वेता सिंह ने शहर स्थित रोडवेज बस स्टेशन, वर्कशॉप और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आरएम ने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर संबंधित को फटकार लगाई। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि बस स्टेशन परिसर, वर्कशॉप, कार्यालय व बसों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश एआरएम को दिया। बस स्टेशन, कार्यालय एवं वर्कशॉप में सैनिटाइजेशन समेत अन्य व्यवस्थाओं की हकीकत देखी।
कहा कि बिना धुलाई और सैनिटाइजेशन किए एक भी बसे रोड पर न निकले। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। आरएम ने चालक, परिचालक एवं अन्य कर्मियों के साथ ही यात्रियों को भी मास्क पहनने पर विशेष बल दिया। कहा कि बगैर मास्क के यात्री व परिचालक यात्रा न करें।
शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के निर्देशों का पालन न होने की दशा में संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने रास्ते में कई बसों की चेकिंग भी की। वहीं आरएम ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को सरेंडर की गई बसों के संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएम पांडेय समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।