तिलोई। लंबे समय बाद शाहमऊ और आसपास के ग्रामीणों की लखनऊ के लिए चलने वाली बस सेवा की प्रतीक्षित मांग पूरी हुई। अब हर दिन शाहमऊ से लखनऊ के लिए रोडवेज बस संचालित होगी। इस सुविधा से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिली है। व्यापारियों, मरीजों और तीमारदारों के लिए सीधे राजधानी पहुंचना आसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों की मांग पर विभाग ने बस सेवा शुरू की। बस सुबह छह बजे शाहमऊ से रवाना होगी और मोहनगंज, तिलोई, सेमरौता होते हुए हैदरगढ़ मार्ग से साढ़े नौ बजे लखनऊ पहुंचेगी। इस रूट पर नियमित बस संचालन से क्षेत्र के लोगों को समय और खर्च दोनों में राहत मिलेगी।
मो. शमी, राजेश गुप्ता, दीपराम, राज पटेल और संदीप निर्मल ने कहा कि लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी। अब बस सुविधा मिलने से आवागमन सुगम होगा। जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता रामकृष्ण भारतीय ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से रोडवेज बस संचालन की मांग कर रहे थे। अब यह मांग पूरी होने से क्षेत्र के विकास को भी बल मिलेगा।