अमेठी में एसडीएम काॅलोनी में तेज बारिश के कारण करीब दो फीट पानी भर गया। इसी कॉलोनी में एसडीएम आशीष सिंह और सीओ मनोज मिश्र के आवास में भी हैं। सोमवार भोर में ही दोनों अफसरों को स्थानीय डाक बंगला में शरण लेनी पड़ी। एसडीएम आशीष सिंह ने बताया कि पानी निकलवाने की व्यवस्था कराई जा रही है।
सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में भर गया पानी
बारिश के चलते अस्पताल गेट पर जलभराव होने से मरीजों व तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। सीएमओ कार्यालय, ग्राम न्यायालय, सहायक आयुक्त सहकारिता कार्यालय, जीजीआईसी गौरीगंज व कई अन्य स्कूल परिसर सहित अन्य कार्यालय परिसरों में जलभराव हो गया। वहीं जीजीआईसी मोड़, वार्ड नंबर एक, 16, 18, सरैया मोड़ स्थित सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई। एसपी कार्यालय परिसर में जलभराव होने के बाद फायर ब्रिगेड से पानी निकलवाया गया।
अमेठी में घरों में घुसा बारिश का पानी
इसके अलावा अमेठी में तहसील, कोतवाली, रजिस्ट्री आफिस, पशु चिकित्सालय, सीएचसी, फायर स्टेशन, बीएसएनएल आफिस सहित अन्य स्थानों पर जलभराव की स्थिति दिखी। वहीं, आवास विकास काॅलोनी में मुख्य मार्ग सहित मंदिर के पास करीब दो फीट पानी भर गया। एसडीएम कॉलोनी, तोपखाना मोहल्ला, हरदेव नगर, गायत्री नगर, सरवनपुर, गंगागंज, पुराना रायपुर सहित अन्य मोहल्लों में घरों में भी बारिश का पानी भर गया। राजाफत्तेपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय फूला के बाहर जलभराव हो गया। अमेठी में भी कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा।
मुख्य मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित
बाजारशुकुल (अमेठी)। बाजारशुकुल–जगदीशपुर मार्ग स्थित पूरे रग्घू शुक्ल गांव के पास रविवार देर शाम बारिश के कारण अचानक पेड़ सड़क पर गिर गया। वन कर्मियों ने पहुंच पेड़ कटवाकर यातायात बहाल कराया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। जगदीशपुर-प्रतापगढ़ मार्ग स्थित ताला महादेवन के पास सोमवार भोर करीब चार बजे 10-12 पेड़ गिर गए, जिसके कारण आवागमन बंद हो गया। करीब आठ बजे आवागमन बहाल हो सका।
यूपीसीडा सेक्टर में जलभराव, लोग परेशान
कमरौली (अमेठी)। जगदीशपुर के यूपीसीडा सेक्टर-16, रोड नंबर दो जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय सतीश, सत्यम, साहबजाद आदि ने बताया कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जलनिकासी को लेकर स्थानीय प्रशासन संवेदनहीन बना है। जगदीशपुर-जामों-गौरीगंज मुख्य मार्ग पर दक्खिन गांव के पास शीशम का पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। करीब दो घंटे आवागमन प्रभावित रहा।