गौरीगंज (अमेठी)। जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शासन व जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद अफसर सुधरने को तैयार नहीं है। आलम यह है कि जिले से लेकर ब्लॉक तक तैनात 100 अफसरों की 1,054 शिकायतें डिफॉल्टर की श्रेणी में मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। अफसरों की लापरवाही से नाराज एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर तत्काल शिकायतें निस्तारित कर जवाब देने का निर्देश दिया है।
शासन के निर्देश पर जन शिकायतों के निस्तारण के लिए संचालित दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर संदर्भित शिकायतों के निस्तारण में कार्रवाई व निर्देश के बावजूद अधिकारी सुधरने को तैयार नहीं हैं। आलम यह है कि मंगलवार को एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों व उनके निस्तारण की समीक्षा की तो जिले से लेकर ब्लॉक तक तैनात 100 अफसरों के साथ 1,054 शिकायतें डिफाल्ट की श्रेणी में मिलीं।
पोर्टल पर बड़ी संख्या में शिकायतें अनिस्तारित व डिफाल्टर की श्रेणी में होने की जानकारी पर हड़कंप मच गया। अफसरों की लापरवाही से नाराज एडीएम ने सभी अफसरों को कारण बताओ नोटिस के साथ ही उनके स्तर पर पोर्टल पर लंबित संदर्भित शिकायतों की संख्या दर्शाते हुए तत्काल गुण-दोष के आधार पर शिकायतों का निस्तारण कर जवाब देने का निर्देश दिया है। एडीएम ने पोर्टल की शिकायतों का निस्तारण नहीं होने, जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा भविष्य में शिकायतों के निस्तारण में डिफाल्टर होने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी है।
होगी कार्रवाई : एडीएम
एडीएम ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही तथा गलत निरस्तारण करने वालों अफसरों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।