जगदीशपुर कस्बे में पाकिस्तान का पुतला फूंकते विधायक व अन्य। संवाद
जगदीशपुर (अमेठी)। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए निर्दोषों पर आतंकी हमले के विरोध में रविवार शाम जगदीशपुर कस्बे में विधायक सुरेश पासी की मौजूदगी में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। आतंकवाद एवं पाक विरोधी नारेबाजी के बाद मुख्य चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
विरोध मार्च की शुरुआत लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह से हुई, जहां क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करके आतंकवाद के खात्मे और पाकिस्तान को कठोर संदेश देने का आह्वान किया। इसके बाद पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव, श्रीप्रकाश तिवारी, उमापति तिवारी, प्रदीप सिंह, धर्मचंद कौशल, अतुल तिवारी, राम उजागर तिवारी, लवकेश तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नागरिक पैदल चौराहे तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे और वहां पाकिस्तान का पुतला जलाया।
विधायक सुरेश पासी ने कहा कि पहलगाम हमले ने पूरे देश को झकझोरा है। हम शांतिप्रिय हैं, लेकिन अपनी एकता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने सरकार से आतंकवाद रोधी नीतियों को और कड़ा करने, सीमांत इलाकों पर सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से कठोर दंड देने की मांग की।