संग्रामपुर (अमेठी)। विशेषरगंज मार्ग पर भुवालापुर स्थित मालती नदी पुल से रविवार शाम बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक चालक युवक और उसकी पत्नी व साली घायल हो गई। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रतापगढ़ जिले के समोगरा निवासी दीपक वर्मा (26) अपनी पत्नी अंजना (20) और साली साधना (12) के साथ रविवार शाम ससुराल भेभौरा, विशेषरगंज से रिश्तेदारी में जगेसरगंज प्रतापगढ़ जा रहे थे। रास्ते में भुवालापुर गांव के पास मालती नदी पुल पर बाइक ठोकर खाने से तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर पुल से गिर गई।
हादसे में दीपक, उसकी पत्नी अंजना और साली साधना गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को संग्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दीपक वर्मा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक के ससुर शिवकुमार वर्मा ने बताया कि हादसे के समय दीपक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके चलते उसके सिर में गंभीर चोट आई है।