गौरीगंज (अमेठी)। किसान जन जागरण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के जामो रोड स्थित अस्थाई आवास पर पहुंचे। यहां विभिन्न मुद्दों पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने ज्ञापन को उनके आवास के बाहर चस्पा कर दिया।
कांग्रेस पार्टी की ओर से काफी दिनों से किसान जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ज्ञापन देने के लिए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंहल की अगुवाई में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी केंद्रीय मंत्री के जामो रोड स्थित अस्थाई आवास पर पहुंचे और मंत्री से मुलाकात की कोशिश की।
हालांकि केंद्रीय मंत्री के नहीं रहने पर कांग्रेसियों ने घंटों प्रदर्शन व नारेबाजी करने के बाद ज्ञापन की कापी उनके आवास के बाहर चस्पा कर दी। प्रदर्शन करने व ज्ञापन चिपकाने वालों में जिला प्रवक्ता अनिल सिंह, परमानंद मिश्रा, नरसिंह बहादुर सिंह, शिव बजरंग सिंह, माता प्रसाद वैश्य, रजवाड़ी प्रसाद, ठा. इसराक, डॉ. नरेंद्र मिश्र, बैजनाथ तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ल, मतीन, सर्वेश सिंह, तुलसी पासी, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकील इदरीसी समेत सभी ब्लॉक अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे।