अमेठी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए थोक सब्जी विक्रेताओं ने खुले स्थान पर थोक सब्जी मंडी संचालित कराए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद व्यवसायियों ने एसडीएम को आठ सूत्रीय मांग पत्र देकर निस्तारण कराने जाने की मांग की है।
कोरोना संकट और लॉकडाउन को देखते हुए प्रशासन की ओर से शहर के सगरा तिराहा पर स्थित सब्जी मंडी को मुंशीगंज मार्ग स्थित शहर से एक किलोमीटर दूर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में शिफ्ट किया गया था। स्टेडियम में करीब 100 से 120 दुकानें थोक विक्रेताओं की लगती थी। तहसील प्रशासन की ओर से अनलॉक-2 में तीन दिन पूर्व स्टेडियम में संचालित थोक सब्जी मंडी को अचानक सगरा तिराहे पर शिफ्ट करा दिया गया। सगरा तिराहे पर जगह के अभाव में सभी थोक विक्रेता की दुकानें नहीं लग पा रही हैं।
जगह कम होने से बमुश्किल 10 से 20 दुकानें ही लग रही हैं। दुकानदारों का आरोप है कि शेष अन्य व्यवसायियों की दुकानें नहीं लग पाने के कारण वह भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। बीते तीन माह से स्टेडियम में दुकान करने के दौरान उनका चार से पांच लाख रुपये फुटकर दुकानदारों के पास बकाया हो गया है। अचानक मंडी हटाए जाने से और सगरा तिराहा स्थित सब्जी मंडी में उनकी दुकान नहीं लग पाने के कारण उनका बकाया पैसा डूबने के कगार पर है।
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन के अचानक दिए गए निर्देश से 100 दुकानदार बेरोजगार होकर आर्थिक संकट से घिर गए हैं। दुकानदारों का कहना था कि यदि उनकी दुकानें नहीं लगी और बकाया पैसा नहीं मिला ऐसी दशा में उनके पास आत्महत्या के सिवा कोई दूसरा रास्ता नहीं होगा। व्यवसाइयों ने स्टेडियम व उसके आसपास, हेलीपैड तथा अन्य समुचित स्थान पर थोक सब्जी मंडी संचालित कराए जाने की मांग एसडीएम से की है।
सगरा पर नहीं हो रहा सोशल डिस्टेंस का पालन
शहर के सगरा तिराहा स्थित सब्जी मंडी में सुबह लगने वाली थोक मंडी के दौरान जगह के अभाव में सोशल डिस्टेंस का अनुपालन नहीं हो पा रहा है। खरीददारी करने आए फुटकर विक्रेता, किसान एवं थोक व्यवसाई एक दूसरे से सट कर खड़े दिखाई देते हैं तो इस दौरान सगरा तिराहा पर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका है।
मनमाने दाम पर बिक रहीं सब्जियां
लॉकडाउन के दौरान स्टेडियम में थोक विक्रेताओं की दुकानें अधिक लगने के कारण सही रेट पर फुटकर विक्रेताओं को सामान मिलने के कारण वह ग्राहकों को सही रेट पर सामान दे रहे थे। तीन दिन पूर्व सगरा तिराहे पर स्थित सब्जी मंडी में थोक विक्रेताओं की दुकानें आने के बाद चंद दुकानदार ही अपनी दुकानें लगा रहे हैं जो मनमाने रेट पर फुटकर विक्रेताओं व ग्राहकों को सामान बेच रहे हैं।