अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के नेवाज मदार गांव में सोमवार देर शाम निकाह के दौरान पुलिस पहुंचने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दूल्हा समेत दो लोगों को हिरासत में लेते हुए बताया कि दूल्हा शादीशुदा है। पत्नी की ओर से कुड़वार थाने में मामले की शिकायत की गई है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के नेवाज मदार गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी सुल्तानपुर जिले के थाना कुड़वार के गांव महमरपुर अलीगंज निवासी एक युवक से तय की थी। सोमवार को दूल्हा अपने साथियों के साथ बरात लेकर नेवाज मदार गांव पहुंचा।
इस बीच पहली पत्नी को अपने पति की दूसरी शादी की सूचना मिल गई थी। इस पर पहली पत्नी अपने परिवारीजनों के साथ कुड़वार थाने पहुंची और शिकायत की। इस पर कुड़वार पुलिस दूल्हे के घर पहुंची लेकिन तब तक दूल्हा निकल चुका था जबकि दूल्हे का पिता मिल गया और पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर पिता ने बेटे की शादी थाना बाजार शुकुल के गांव नेवाज मदार में होने की जानकारी दी। इस बीच शादी की रस्म रिवाज के साथ निकाह का कार्यक्रम चल ही रहा था कि उसी समय बाजार शुकुल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस दूल्हा समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। एसओ रवींद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में आरोपी युवक ने अपनी शादी बदायूं में की थी। दूल्हे के पुलिस हिरासत में जाने के बाद बरात गईं महिलाएं समेत अन्य पुरुष बराती वापस चले गए। एसओ ने बताया कि लड़की पक्ष थाने पर आ गया है। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की बात चल रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।