गौरीगंज जीजीआईसी में आयोजित उत्सव में तबला वादन करती छात्रा। संवाद
अमेठी सिटी। हमारी संस्कृति, हमारी पहचान कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय संस्कृति उत्सव का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज परिसर में किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं न भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में श्रीमती रामराजी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बगिया की रूबी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैलास भारद्वाज एकेडमी नरायनपुर के रूद्र शर्मा को द्वितीय तथा प्रियांशी को तृतीय स्थान मिला। रंगोली प्रतियोगिता में आराध्या, सोहनी, रागिनी और अंशिका की टीम प्रथम रही।
समूह गायन प्रतियोगिता में श्रीमती रामराजी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बगिया की अनन्या पांडेय और श्रेया की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कैलास भारद्वाज एकेडमी नरायनपुर की टीम को द्वितीय स्थान मिला। एकल गायन में प्रिया ने प्रथम और काजल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय हाईस्कूल अमेठी की वर्तिका वर्मा प्रथम, भारद्वाज एकेडमी नरायनपुर की निशी सिंह द्वितीय तथा उसी विद्यालय की छात्रा तृतीय स्थान पर रहीं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि संस्कृति उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी अभिव्यक्ति को मंच देना रहा। कार्यक्रम में जीजीआईसी की प्रधानाचार्य डॉ. संगीता शर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।