जामो (अमेठी)। दोस्त के यहां सोमवार रात को वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए निजी स्कूल संचालक की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। एसपी ने फोरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण कर घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
जामो थाना क्षेत्र के जोरावरपुर मठिया गांव निवासी संजीव मिश्र (24) घर से करीब दो किमी की दूरी पर बच्चों के स्कूल का संचालन करते थे। सोमवार रात गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह एक दोस्त की बाइक से भवनशाहपुर निवासी अनुज सिंह के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। देर रात तक संजीव जब वापस नहीं लौटे, तो परिजन परेशान हो गए। परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चला।
इसी बीच मंगलवार की सुबह इनके स्कूल से करीब 800 मीटर की दूरी पर खेत में संजीव का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। इसी बीच पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंचे गए। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद एसपी अनूप सिंह भी फोरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने आई।
थाने पर पिता रजनीश मिश्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की है। एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
एक से अधिक हत्यारों के होने की आशंका
खेत में मृत अवस्था में पड़े मिले संजीव के गर्दन और गले पर चोट के निशान थे। नाक और कान से भी खून बहा था। उनका जैकेट व स्वेटर कुछ दूर पर पड़ा मिला। शव की हालत देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों की संख्या एक से अधिक रही होगी।
थाने के सामने उमड़ी भीड़
संजीव का शव पुलिस लेकर थाने आई तो बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ के कारण जामो-जगदीशपुर मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने लोगाें को हटाकर मार्ग बहाल करवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए गौरीगंज भेजने के बाद थाने के सामने से भीड़ समाप्त हुई।
चार दिन पहले हुआ था विवाद
मृतक संजीव कुमार के पिता रजनीश मिश्र केनरा बैंक जामो में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की सूचना पर रजनीश ने बिना नाम लिए एक व्यक्ति से तीन-चार दिन पहले विवाद होने की बात कही। रोते हुए वह सिर्फ एक ही बात कह रहे थे कि बेटे के हत्यारोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।
मां करती रही बेटे को फोन, मिली मौत की सूचना
संजीव कुमार की मां रेखा बेटे का इंतजार सोमवार देर रात तक करती रहीं। काफी देर होने के बाद रेखा ने संजीव के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन बंद था। किसी अनहोनी की आशंका में रेखा ने बड़े बेटे सचिन को तलाश करने भेजा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह सचिन की मौत की खबर आई। वह रोते हुए बार-बार यह कह रही थीं कि उसे रात में जाने से मना किया था, भगवान ने यह क्या कर दिया। भाई सचिन बिलख रहे हैं। इकलौती बहन शिवानी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रजनीश मिश्र बेटे की मौत से पूरी तरह टूट गए हैं। गांव में गम का माहौल है। बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष पीड़ित परिवार को संभालने में जुटे हैं।
चार टीमें कर रहीं जांच
एसपी अनूप सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच हो रही है। घटना के खुलासे के लिए जामो व जगदीशपुर थाने के साथ ही एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया गया है। जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात है।