अमेठी सिटी। मुसाफिरखाना ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल मझगवां का मंगलवार को बीएसए संजय कुमार तिवारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियाें व अनुपस्थित रहने पर प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापक को बीएसए ने निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान सोमवार व मंगलवार को प्रधानाध्यापक बेबी परवीन के अनुपस्थित होने की जानकारी मिली। इतना ही नहीं फरवरी में एमडीएम रजिस्टर नहीं बना था तो पुस्तकालय की स्थापना भी नहीं करवाई गई। आवंटित धन के सापेक्ष खेलकूद सामग्री भी कम मिली। प्रसाधन में गंदगी मिली तो इको क्लब भी गठित नहीं होने की जानकारी हुई।
अपार आईडी बनाने में भी लापरवाही मिली। स्कूल में कार्यरत सहायक अध्यापक दीपिका सिंह के भी हस्ताक्षर बनाकर अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए प्राथमिक विद्यालय देवीपाटन द्वितीय तो सहायक अध्यापक को प्राथमिक विद्यालय देवी पाटन प्रथम से संबद्ध करते हुए बीईओ अमेठी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।