जगदीशपुर (अमेठी)। रायबरेली अयोध्या हाईवे पर रविवार को वाहनों का दबाव कम रहा। बैरियर तो सक्रिय रहे, लेकिन रोक-रोक कर समूह में वाहनों को अयोध्या के लिए रवाना किया गया। ऐसे में जाम की समस्या हल हुई तो श्रद्धालुओं की भी परेशानी आम दिनों से काफी कम रही।
प्रयागराज संगम में डुबकी लगाने के लिए निकले श्रद्धालु अयोध्या धाम स्थित प्रभु श्री राम के दर्शन के लिए लालायित हैं। प्रयागराज से सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या धाम जाने वाले हाईवे पर पिछले कई दिनों से वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण सुल्तानपुर से लोगों को लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर परिवर्तित किया गया है। ऐसे में जगदीशपुर से गुजरने वाले रायबरेली-अयोध्या हाईवे से जाने की चाह में श्रद्धालु सुल्तानपुर से निकल जगदीशपुर पहुंच रहे हैं। हालांकि, आम दिनों की अपेक्षा रविवार को वाहनों का दबाव कम रहा। अयोध्या धाम जाने वाले छोटे वाहनों को जाने दिया गया तो टूरिस्ट बसों संग अन्य बड़े वाहनों को बीच-बीच में समूह के बीच अयोध्या के लिए रवाना किया गया। यही स्थिति लखनऊ वाराणसी हाईवे की भी रही। इस रोड पर भी वाहनों का दबाव रविवार को अन्य दिनों की अपेक्षा कम होने से जगदीशपुर अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग के सभी कट पर पुलिस मौजूद रही। कहीं-कहीं बैरिकेडिंग भी रही, कहीं पर वाहनों को कुछ समय के लिए रोका गया तो बाद में समूह में उन्हें रवाना किया गया। रोक टोक अन्य दिनों के अपेक्षा कुछ कम रही।
दर्शनार्थी श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बसों में सवार गुजरात के भाऊ नगर निवासी जयवंत सिंह जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेतारपुर के पास खड़े इंतजार करते दिखे। बताया कि उन्हें अभी आगे जाने से रोका गया है, चार घंटे बाद रास्ते के खुलने तक इंतजार करने को कहा गया है, दमन के दादरा नगर हवेली निवासी धनराज, दीपक भाई बताते हैं कि रात से टहल रहे हैं आज सुबह यहां पहुंचने पर रोक दिया गया, साथ में तीन बस में 120 लोग हैं। बताया कि 12 को प्रयागराज से निकले थे, शनिवार को अयोध्या के लिए निकले। सुल्तानपुर होकर जाना था, लेकिन घुमा दिया गया। अभी रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। एसओ तनुज पाल ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को रोक-रोक भेजा रहा है।
प्रयागराज-अयोध्या हाईवे से डायवर्जन खत्म
भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर-रामगंज से गुजरे अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर रविवार को आवागमन बेहतर हो गया। परिवर्तित मार्ग से वाहनों को भेजने की व्यवस्था समाप्त करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सिर्फ पुलिस कर्मी निगरानी कर रहे हैं। करीब पखवारे भर से प्रयागराज संगम में महाकुंभ में स्नान व दर्शन के बाद अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम के दर्शन को वाहन सहित रवाना हुए श्रद्धालुओं की भीड़ से प्रायः चौराहे पर जाम लग जाता था। जाम की समस्या इतनी विकराल रहती थी। वाहनों को परिवर्तित मार्ग लंभुआ व अमेठी से निकाला जा रहा था। स्थानीय थाने के अलावा संग्रामपुर पुलिस भी मदद को लगा दी जा रही थी। शनिवार से श्रद्धालुओं का आवागमन कुछ कम हुआ। अग्रेसर निवासी पूर्व प्रधान अभय सिंह, दुर्गापुर निवासी मनोज बरनवाल, अरुण बरनवाल, अनिल कसौधन, रामगंज निवासी भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उपाध्यक्ष संजय जायसवाल साईं, राजेश सिंह, अरविंद यादव सहित क्षेत्रवासियों ने कहा कि स्थिति पहले से बेहतर हुई है। अन्यथा पांच, छह किलोमीटर की दूरी तय करने में ढाई से तीन घंटे लग जाते थे।