अमेठी सिटी। जायस स्टेशन पर शनिवार देररात पहुंची मेला रिंग स्पेशल ट्रेन के डिब्बों के गेट बंद देख प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालु आक्रोशित हो गए। श्रद्धालुओं ने खिड़कियों व गेट पर पथराव करते हुए तोड़फोड़ भी की। हंगामे से स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। करीब 20 मिनट बाद किसी तरह स्थित नियंत्रित हुई तो ट्रेन को रवाना किया गया।
प्रयागराज संगम में महाकुंभ स्नान में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रिंग मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। शनिवार शाम करीब छह बजे मेला स्पेशल ट्रेन से यात्रा करने के लिए श्रद्धालु जायस स्टेशन पर पहुंच गए। ट्रेन के साढ़े आठ घंटे देरी से आने की सूचना के बाद सभी लोग प्लेटफार्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा करने लगे। ट्रेन देररात करीब 2.49 बजे जायस स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के सभी कोच श्रद्धालुओं से भरे हुए थे और डिब्बों के गेट व खिड़किया बंद थीं। यह देख घंटों से प्लेटफार्म पर बैठे यात्री नाराज हो उठे। उन्होंने गेट खुलवाने के लिए पथराव शुरू कर दिया। इसके साथ ही खिड़कियां तोड़ने लगे और गेट तोड़ने की भी कोशिश की। पथराव से ट्रेन में सवार यात्रियों व स्टेशन कर्मियों में अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ व जीआरपी कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की। सूत्रों के मुताबिक आक्रोशित श्रद्धालुओं ने रेल कर्मियों संग कुछ यात्रियों की पिटाई भी कर दी। हालांकि, पिटाई के संबंध में कोई भी साफ बताने को तैयार नहीं है। आरपीएफ कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन के कोच का गेट खुलवाया और श्रद्धालुओं को उस पर सवार करवाया। इसके बाद करीब 20 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई। एसओ आरपीएफ एके मौर्या ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करवाई जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।