जीजीआईसी गौरीगंज में छात्राओं को रिवीजन करवातीं शिक्षिका। स्रोत कॉलेज
अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं के लिए यह समय पूरी तरह रिवीजन और आत्मविश्वास बढ़ाने का है। शिक्षकों और विशेषज्ञों का कहना है कि अब नए टॉपिक पढ़ने के बजाय पहले से तैयार पाठ्यक्रम का ही दोहराव करें और लिखने का अभ्यास बढ़ाएं।
गणित के शिक्षक अनिल कुमार राबिया ने सलाह दी कि गणित और विज्ञान जैसे विषयों में सूत्रों को बार-बार लिखकर याद करें। केवल पढ़ने से बेहतर है कि प्रश्नों को हल करके अभ्यास किया जाए, इससे परीक्षा के दौरान प्रश्न हल करने में आसानी होती है। अंग्रेजी के शिक्षक बृजेंद्र सरोज ने कहा कि व्याकरण, अनुवाद और पत्र-निबंध लेखन का नियमित अभ्यास करें। कठिन शब्दों और महत्वपूर्ण प्रश्नों की सूची बनाकर दोहराव करना लाभकारी रहेगा।
भौतिक विज्ञान के वीपी दुबे ने संख्यात्मक प्रश्नों का अधिक से अधिक अभ्यास करने की सलाह दी। रसायन विज्ञान के अनुराग मिश्र ने प्रमुख अभिक्रियाओं और समीकरणों को लिखकर याद करने पर जोर दिया। जीव विज्ञान के डॉ. रमाशंकर पांडेय ने महत्वपूर्ण आरेखों को बनाकर अभ्यास करने को उपयोगी बताया। हिंदी के शैलेश पांडेय ने स्पष्ट और सटीक उत्तर लिखने, साफ लिखावट और समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखने की बात कही।