अमेठी सिटी। लगातार बारिश के बीच जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई। ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन और 11 केवी लाइनों में फॉल्ट के कारण जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर 12 से 14 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। रातभर बिजली नहीं मिलने से इनवर्टर जवाब दे गए।
लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके, जबकि पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। उमस के बीच बुजुर्ग, बच्चे और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। जिला मुख्यालय में बुधवार रात करीब चार घंटे और बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर तक करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। टाउन-एक, टाउन-दो और टाउन-तीन फीडरों पर ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन और फार्मेसी के पास 11 केवी लाइन का तार टूटने से बार-बार आपूर्ति बाधित होती रही।
सेमरौता उपकेंद्र के इन्हौंना फीडर की आपूर्ति बुधवार सुबह बाधित होने के बाद शाम करीब नौ बजे बहाल हो सकी। वहीं दहिगंवा फीडर का जंपर कटने से पूरी रात बिजली नहीं रही। सेमरौता टाउन फीडर भी रात दो बजे से सुबह साढ़े आठ बजे तक बंद रहा, जिससे करीब 4,500 उपभोक्ता प्रभावित हुए।
विद्युत वितरण खंड अमेठी के बड़गांव, भादर, भेटुआ, पीपरपुर, एचएएल, खेरौना, पीठीपुर और बेनीपुर उपकेंद्रों पर रात दो से तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। वहीं जगदीशपुर खंड के जगदीशपुर, इन्हौंना, वारिशगंज, दखिनवारा, शुकुलबाजार, सत्थिन और महोना उपकेंद्रों पर रात में तीन घंटे से अधिक तथा बृहस्पतिवार को करीब चार घंटे बिजली कटौती हुई।
तिलोई खंड के मोहनगंज, तिलोई, सेमरौता, जायस, फुरसतगंज और हतवा उपकेंद्रों पर भी बुधवार रात पांच से छह घंटे तथा गुरुवार को ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट के कारण चार घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाजारशुकुल के कटरा तिराहे पर बारिश के दौरान बिजली की केबल सड़क पर गिर गई। समय रहते आपूर्ति बंद कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया, हालांकि करीब तीन घंटे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप रही।
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर लाइनों और उपकरणों में फॉल्ट आने से आपूर्ति प्रभावित हुई।