अमेठी। उमसभरी गर्मी के बीच जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। जिला मुख्यालय गौरीगंज से लेकर अमेठी, संग्रामपुर, सठिन, मऊ, बाजारशुकुल, जगदीशपुर और सेमरौता सहित सभी उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों में नियमित कटौती और ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। मुख्यालय पर दिनभर हर घंटे पांच से 10 मिनट तक ट्रिपिंग हो रही है।
सुबह छह से आठ बजे और रात 10 से 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि दिनभर ट्रिपिंग के कारण इनवर्टर पूरी तरह चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। सुबह बिजली नहीं रहने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। घरेलू कामकाज और बच्चों को स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है। रात की कटौती से उमसभरी गर्मी में लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अमेठी, संग्रामपुर, बाजारशुकुल, जगदीशपुर और सेमरौता उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में रात आठ से 10 बजे, 12 से दो बजे और तीन से पांच बजे तक दो-दो घंटे बिजली बंद रहने की शिकायत है। दिन में भी फॉल्ट और ट्रिपिंग के नाम पर हर घंटे चार से पांच मिनट तक आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली संकट का असर बाजारों पर भी पड़ रहा है। गौरीगंज के रामलाल ने बताया कि ट्रिपिंग से इनवर्टर चार्ज नहीं हो पाता। किसान अवधेश ने कहा कि रात की कटौती से सिंचाई प्रभावित है। व्यापारी इरफान अहमद ने बताया कि बिजली की आवाजाही से कारोबार प्रभावित हो रहा है। अधिशासी अभियंता (विद्युत) अरुण कुमार ने बताया कि बढ़ी हुई बिजली मांग के कारण कुछ स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या आ रही है।