बाजारशुकुल के सत्थिन विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
बाजारशुकुल। सत्थिन विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में लगातार हो रही कटौती और फॉल्ट से नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। उपकेंद्र के बाहर जमा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में महज चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अवर अभियंता के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे विशंभर पट्टी के प्रधान वकील अहमद और हसनपुर तिवारी निवासी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में ग्रामीण सत्थिन विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। बेहिसाब कटौती से नाराज ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। बताया कि उपकेंद्र के फीडर से देवकली, मड़वा, कटेहटी और खैरियतपुर गांवों को जोड़ दिया गया है।
इससे फॉल्ट बढ़ गए हैं और उपभोक्ताओं को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इसी बीच दो दिन पहले सत्थिन उपकेंद्र के अवर अभियंता का स्थानांतरण हो गया था।
बाजार शुकुल उपकेंद्र के अवर अभियंता सद्दाम हुसैन को सत्थिन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ने ग्रामीणों से वार्ता कर जल्द आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और समस्या दूर कराने का भरोसा दिया। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ। प्रदर्शन में कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार, नियाज अहमद, तौफीक, बद्री सिंह सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।