अमेठी सिटी। उमस भरी गर्मी में बिजली की आवाजाही ने आम लोगों की रात की नींद व दिन का सुकून तक छीन लिया है। अघोषित तौर पर हो रही कटौती के चलते कई इलाकों में लोगों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्र शुकुलपुर व जगदीशपुर में आपूर्ति ठप होने से करीब 80 हजार की आबादी को घंटों परेशानी उठाना पड़ी। संग्रामपुर में क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत करने में मंगलवार को बिजली विभाग की टीम जुटी रही।
उमस भरी गर्मी में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति करने का दावा फेल साबित हो रहा है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। बीते दिनों आई तेज आंधी व बारिश के कारण संग्रामपुर के शुकुलपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से सहजीपुर फीडर के कई गांवों में बिजली सप्लाई अभी तक पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। सभी उपकेंद्र क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही से लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हो रहे हैं।
नौ घंटे बिजली पानी को तरसी 75 हजार की आबादी
जगदीशपुर। कठौरा स्थित विद्युत उपकेंद्र से स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के आवासीय सेक्टर की विद्युत आपूर्ति होती है। सोमवार दोपहर दो बजे उपकेंद्र की सप्लाई लाइन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यूपीसीडा आवासीय कालोनी, कठौरा, अशरफगढ़, बीएचईएल टाउनशिप के साथ साथ मयूर टिंबर, अल्वी पैकेजिंग, मां दुर्गा इंटर प्राइजेज सहित अन्य इकाईयों की बिजली सप्लाई बंद रही। करीब नौ घंटे फाल्ट दुरुस्त न हो पाने से करीब 75 हजार की आबादी को परेशानी उठाना पड़ी।