बाजार शुकुल (अमेठी)। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों से होकर गुजरने वाली आदि गंगा गोमती नदी के दोनों तटों को जोड़ने वाले तीन मार्गों पर पीपे के पुल का निर्माण होगा। पुल निर्माण का कार्य 15 अक्तूबर से शुरू हो जाएगा। पुल निर्माण से अयोध्या, बाराबंकी व सुल्तानपुर से अमेठी समेत के विभिन्न हिस्सों की दूरी में कमी आएगी। इससे किसानों को खेती करने का सीधा लाभ मिलेगा।
यह जानकारी जगदीशपुर विधायक व पूर्व मंत्री सुरेश पासी ने दी।
सुरेश पासी ने बताया कि बीते 26 दिसंबर को जिले में सड़कों का लोकार्पण करने आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से पुल निर्माण को लेकर अनुरोध किया था। पुल बन जाने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बाजार शुकुल से बाराबंकी जनपद को जोड़ने वाले पन्ही मार्ग, बाजार शुकुल से अयोध्या को जोड़ने वाला नांदी मार्ग व जगदीशपुर से अयोध्या को जोड़ने वाले पिछूती मार्ग के बीच मेें पड़ने वाली नदी पर पीपे का पुल बनाया जाएगा।
पुल का निर्माण 15 अक्तूूबर से शुरू होगा। पुल इसी माह बनकर तैयार भी हो जाएगा। प्रत्येक पुल के निर्माण पर लगभग पचास लाख रुपये की लागत आएगी। पुल के बन जाने से कई जिलों की दूरी कम होने से लोगों को सीधा सफर करने का मार्ग उपलब्ध हो सकेगा।
किसानों को मिलेगी सुविधा
गोमती नदी पर पीपा पुल निर्माण से सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य जमीन पर हरियाली दिखाई देगी। वहीं, किसानों को कृषि से जुड़ी कई अन्य सुविधाएं मिलेंगी। पीपा पुल निर्माण होने से किसानों के लिए उन्नति का मार्ग खुलेगा। गांव में कई ऐसे किसान हैं जिनको नदी उस पार से अपनी उपज लाने के लिए दस से बारह किमी. की दूरी तय करनी पड़ती थी। लेकिन, उन्हें अब फसल लाने में काफी आसानी होगी।
दो मार्गों का निर्माण भी होगा शुरू
पूर्व मंत्री ने बताया कि पांडेयगंज से मां कामाख्या भवानी मार्ग का निर्माण कार्य व शिवली गांव से पन्ही गांव माताजी के मंदिर तक का निर्माण कार्य भी इसी माह शुरू हो जाएगा। दोनों मार्ग जल्दी बनकर तैयार हो सकें इसके लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए गए हैं।