भादर। मनसा पट्टी गांव में घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी होने के मामले में तीसरे दिन भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। खुलासे के लिए तीन टीमें लगाने के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद ली गई, लेकिन चोरी गया सामान बरामद नहीं हुआ। पीड़ित राजेश कुमार सिंह का परिवार जेवर और नकदी वापस मिलने की उम्मीद में पुलिस से गुहार लगा रहा है।
पुलिस संदिग्धों और पुराने अपराधियों से पूछताछ के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मोबाइल सर्विलांस की मदद से घटना के समय क्षेत्र में सक्रिय रहे संदिग्ध नंबरों की भी पड़ताल की जा रही है। चर्चा है कि पुलिस को कुछ अहम इनपुट मिले हैं, लेकिन अभी किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ित परिवार को करीब 450 ग्राम सोना, 2.1 किलो चांदी, हीरे की अंगूठी, 1.80 लाख रुपये नकद और घड़ी की बरामदगी का इंतजार है। सीओ अमेठी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पुलिस टीमें जांच कर रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
20 दिन से बंद मकान को बनाया था निशाना
मनसा पट्टी निवासी राजेश कुमार सिंह किडनी के उपचार के लिए परिवार के साथ करीब 20 दिन से लखनऊ में थे। 16 नवंबर की शाम उनके पिता ने फोन कर घर में चोरी की जानकारी दी। अगले दिन पुलिस की मौजूदगी में कमरे खोले गए तो सामान बिखरा मिला। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 450 ग्राम सोना, 2.1 किलो चांदी, डेढ़ लाख रुपये कीमत की हीरे की अंगूठी, 1.80 लाख रुपये नकद और घड़ी ले गए थे। रामगंज पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।