अमेठी सिटी। जिले में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी शीतलहर का प्रभाव रहा। लोग ठंड और गलन से ठिठुरते नजर आए। तापमान में गिरावट के साथ ही दिनभर बादल छाए रहे। लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। अलाव ही राहत पाने का सहारा बना। अधिकतम और न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की गई।
दो दिन पूर्व हुई हल्की बारिश के बाद से मौसम बिगड़ना शुरू हो गया है। मंगलवार को अधिक ठंड महसूस की गई। सुबह कोहरे के बाद मौसम साफ तो हुआ लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। धूप भी नहीं निकली। सर्द हवाओं का जोर रहा। गलन बढ़ने से लोग कंपकंपाते नजर आए। शाम होते ही ठंड और बढ़ गई।
इससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम हो गई। दिन में भी लोग शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर निकले। कृषि वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 6.6 किलोमीटर की रफ्तार उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलीं। आगामी 24 घंटों तक मध्यम से घने बादल छाए रहने की संभावना है। हवा सामान्य व सामान्य से तेज गति से चलने की संभावना है। इससे शीतलहर आगे भी जारी रहने के आसार हैं।
फसलों की निगरानी करते रहें किसान
कठौरा के कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरके आनंद ने बताया कि ठंड में अब और वृद्धि होगी। ऐसे में किसान फसलों की निगरानी करते रहें। रोग का लक्षण दिखने पर विशेषज्ञ की सलाह पर दवा का छिड़काव करें। फिलहाल यह मौसम खेतीबाड़ी के दृष्टिकोण से फायदेमंद है। कोहरा से फसलोें को फायदा होता है। इससे फसलोें की पैदावार भी बढ़ती है।