गौरीगंज के जेठूमवई पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले में मरीज का इलाज करते डॉक्टर।
अमेठी सिटी। मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में इसकी झलक देखने को मिली। सुबह से ही जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ जुटने लगी। कोई पांच दिन से बुखार से परेशान था तो कोई बदन दर्द और कमजोरी से बेहाल था। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में कुल 1695 मरीजों का उपचार किया गया। जांच के बाद पांच गंभीर मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया।
गौरीगंज के जेठूमवई पीएचसी पर सुबह 11 बजे चिकित्सक डॉ. पीतांबर कनौजिया और डॉ. उमेश कुमार मरीजों की जांच कर रहे थे। हरिकंदपुर निवासी एक महिला ने बताया कि उसे पांच दिनों से बुखार आ रहा है। शरीर में दर्द और कमजोरी भी महसूस हो रही है। घरेलू उपचार से आराम नहीं मिलने पर वह अस्पताल पहुंची। मवई निवासी राजकुमारी ने बताया कि वह सर्दी-जुकाम और बुखार से परेशान हैं।
रामसुमेर ने बताया कि बदन दर्द के साथ मौसम बदलने से सांस लेने में भी दिक्कत बढ़ गई है। पवन कुमार सिंह ने कहा कि निजी चिकित्सक से उपचार कराने और बाहर से दवाएं लेने के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिला। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच के बाद उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित कीं। साथ ही स्वच्छ पानी पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी।
सैंठा पीएचसी पहुंचे सीएमओ
गौरीगंज के सैंठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर 81 मरीजों का उपचार किया गया था, जबकि 32 लोगों की जांच हुई थी। निरीक्षण के समय सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले।