गौरीगंज (अमेठी)। जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को 247 मरीज बुखार पीड़ित मिले। सीजनल बीमारी के चलते इन दिनों अस्पताल में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई थी। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1208 मरीज इलाज कराने पहुंचे थे। कई दिनों तक इनकी संख्या एक हजार से ऊपर रही। शनिवार को ओपीडी में महज 675 मरीज इलाज कराने पहुंचे। जिसमें से 247 मरीज बुखार पीड़ित पाए गए।
चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को पहले पैथोलॉजी जांच कराने को कहा जिन्हें कई दिनों से बुखार आ रहा था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को दवा लिखी। मरीजों को मौसमी बीमारियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए उन्हें उपचार व बचाव की विधि भी बताते रहे।
शनिवार को जिला अस्पताल में फिजीशियन डॉ. अमित यादव व महिला रोग विशेष के चैंबर के बाहर मरीजों की भीड़ दिखी। अन्य चिकित्सकों के पास मरीज गए, लेकिन भीड़ नहीं रही।
इंट्री प्वाइंट पर बने हेल्प डेस्क पर तैनाती कर्मी आने वाले मरीजों को संक्रामक बीमारियों से बचाव की विधि बताते हुए बिना मास्क लगाए आने वालों को मास्क लगाने की सलाह देते रहेे। जिनके पास मास्क नहीं था उन्हें गमछा व रुमाल मुंह पर लगाकर ही भीतर जाने दिया गया।