अमेठी)। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के साथ कक्षा नौ व 11 में ऑनलाइन आवेदन के बाद नामावली जमा नहीं करना जिले के 27 स्कूलों को भारी पड़ा।
निर्धारित समयावधि बीत जाने के बाद मामला प्रकाश में आया तो परीक्षा प्रभारी की रिपोर्ट पर डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर तत्काल नामावली जमा करने के साथ जवाब देने का निर्देश दिया है। डीआईओएस ने नामावली जमा नहीं करने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित बोर्ड परीक्षा आवेदन व अग्रिम पंजीकरण ऑनलाइन करने के बाद वेबसाइट पर नामावली तैयार कर स्कूलों को जमा करना होता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूलों की ओर से नामावली जमा करने के बाद डीआईओएस कार्यालय नामावली का सत्यापन कर बोर्ड को भेजता है।
शैक्षिक सत्र 2021 में जिले के 19 स्कूलों ने कक्षा नौ व 11 के अग्रिम पंजीकरण नामावली तो आठ स्कूलों ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा नामावली कार्यालय में समय सीमा बीत जाने के बावजूद जमा नहीं किया। परीक्षा प्रभारी राकेश कश्यप ने शुक्रवार को स्कूलवार नामावली का मिलान किया तो मामला प्रकाश में आया।
स्कूलों की ओर से समय से नामावली जमा नहीं करने पर परीक्षा प्रभारी ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीआईओएस को दी। रिपोर्ट मिलने के बाद डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी की है। नोटिस में तत्काल नामावली कार्यालय में जमा करते हुए लिखित जवाब देने को कहा गया है।
डीआईओएस ने नामावली जमा नहीं होने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। डीआईओएस का पत्र सार्वजनिक होने के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है।