अमेठी। टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जायस कस्बा स्थित पानी की टंकी के पास सोमवार को दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत हो गई तो दो अन्य युवक घायल हो गए। गौरीगंज थाने के वार्ड नंबर दो सुभावतपुर निवासी गोविंद बाइक से अपनी रिश्तेदार रायबरेली जिले के डीह थानाक्षेत्र के मछरा गांव निवासी सरिता के किसी काम से सोमवार को जायस गए थे। वहां पर रायबरेली जिले के ठकुराइन खेड़ा सतांव गांव निवासी अनिल कुमार की बाइक से भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में घायल तीन को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल जाते समय गोविंद की मौत हो गई। जबकि सरिता व अनिल कुमार का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में गोविंद की मौत हो गई है। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बाइक सवार ने हेलमेट लगाए थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।